KCG

कलेक्टर चंद्रवाल के औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में हड़कंप, धीमे कार्यों पर होगी कार्रवाई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में संचालित शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने गुरुवार को विकासखंड छुईखदान के ग्राम पंचायत बीरूटोला और कुम्हरवाड़ा का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत बीरूटोला में विशेष परियोजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायत कुम्हरवाड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा के तहत निर्मित स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निरीक्षण किया गया। यहां आवास निर्माण कार्य अपेक्षाकृत धीमा पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित सचिव और रोजगार सहायक को तत्काल कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तकनीकी अमले, जनप्रतिनिधियों तथा पंचायत अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए तथा हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने दोहराया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में प्रत्येक शुक्रवार को दोनों विकासखंडों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाता है ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page