Advertisement
Uncategorized

कन्या शाला में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर कक्षा 12वीं की छात्राओं को दी गई भावपूर्ण विदाई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी-हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ सेजेस-2 में कक्षा 12वीं की छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं की छात्राओं ने विद्यालय की परंपरा का निर्वहन करते हुए अपनी वरिष्ठ छात्राओं को भावुक माहौल में विदाई दी। समारोह की शुरुआत संस्था के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह द्वारा मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ की गई। इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। मंच पर भाषण, कविता एवं विभिन्न खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की प्रमुख परंपरा के तहत कक्षा 12वीं की छात्राओं ने ज्ञान दीप कक्षा 11वीं की छात्राओं को सौंपते हुए विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा और जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। इस अवसर पर छात्राओं ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए इसे उच्च शिक्षा की दिशा में पहला महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य का निर्धारण कर उसके अनुरूप कार्ययोजना बनानी चाहिए और उसे सफल बनाने के लिए सुनियोजित रणनीति अपनानी चाहिए। उन्होंने गुरु और माता पिता के मार्गदर्शन को जीवन में सफलता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को संस्कार, नैतिकता, ईमानदारी और सुदृढ़ चरित्र को जीवन की वास्तविक पूंजी बताया। साथ ही छात्राओं को आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण कुणाल टंडन, अखिलेश श्रीवास्तव, विनीता सिंह, गिरिवर कोसरे, गुंजन सिंह, नीलू सिंह, प्रांजल सिन्हा, सिमरन कौर, मेघा उपाध्याय, संगीता ठाकुर, सत्यप्रकाश राठौर, मनोज पटेल, निलय दास, सोनिया मसीह, प्रज्ञा कामड़े, तृप्ति, उत्तरा साहू सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page