आम आदमी पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव का फूंका बिगुल

खैरागढ़। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में मजबूती के साथ उतरने और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का खैरागढ़ दौरा संपन्न हुआ। स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी ने खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संकल्प लिया।बैठक में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकेश अहलावत, प्रदेश सह-प्रभारी समर कुमार, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष देवलाल नरेटी, प्रदेश सचिव देवेंद्र भाटिया, लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी तथा खैरागढ़ चुनाव प्रभारी प्रफुल्ल बैश एवं उज्जवल दीवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। खैरागढ़ पहुंचने पर स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से घोषणा की कि आम आदमी पार्टी आगामी खैरागढ़ नगरीय निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के साथ-साथ नगर के सभी 20 वार्डों में अपने पार्षद प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता, समर्पण और सक्रियता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। बैठक में दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन, जनसंपर्क, संगठनात्मक समन्वय और चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही। जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि दिल्ली सरकार के विकास मॉडल और जनहितकारी नीतियों को लेकर कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाएं तथा स्थानीय समस्याओं और जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करें। इस बैठक में जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू, धनवंती मिश्रा, चित्रा गुरुदेव (मानपुर-मोहला प्रभारी), संतोष यादव (लोकसभा उपाध्यक्ष), अजय सिंह (विधानसभा प्रभारी), जितेंद्र सोनी (जिला उपाध्यक्ष), देवगन जंघेल (जिला किसान अध्यक्ष), राजेश मारकंडे (खैरागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष), भरथरी वर्मा (जलबांध ब्लॉक अध्यक्ष) सहित अज्जू बंजारे, रानी राजलक्ष्मी तिवारी, निलेश सोनी, संतराम जोशी, लक्खा पाटील, पंचूराम पाल, सीमा खान, त्रिष्णा, रानी खान, महेश माली, मुकेश वर्मा, जाहिद खान, टोमन जोशी, श्यामलाल, तिजे राम, देवेश सिंह, तुलाराम साहू, पद्मिता गुनी, लीला साहू एवं जल कुवर यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version