छत्तीसगढ़

विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विभाग ने ठाकुरटोला में रोपे पौधे, ग्रामीणों ने लिया संरक्षण का संकल्प

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को ग्राम पंचायत ठाकुरटोला में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागीय निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। कार्यक्रम में जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू, सरपंच लाल तोहित सिंह, एसडीओ एएल खुटे, वन परिक्षेत्र अधिकारी संजीत मरकाम सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी देते हुए जल संरक्षण वन संवर्धन, जैव विविधता की रक्षा तथा जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण करने, लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख करने तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू एवं ठाकुरटोला के जमीदार लाल रोहित सिंह पुलस्त्य ने भी अपने संबोधन में विश्व पर्यावरण दिवस की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेते हुए उनके नियमित रखरखाव का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page