Uncategorized

खैरागढ़ के घाघरा कैंप में सीएएफ जवान की गोली मारकर हत्या

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के घाघरा गांव स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की 17वीं बटालियन कैंप में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कैंप में पदस्थ एक CAF जवान ने अपने ही साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद पूरे कैंप में हड़कंप मच गया। जानकारी अनुसार मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है और वह उत्तरप्रदेश के जिला अलीगढ़ अंतर्गत ग्राम पोस्ट मीरपुर, थाना पिसावा का निवासी था। सोनवीर CAF की 17वीं बटालियन में पदस्थ था जिसकी कंपनी वर्तमान में खैरागढ़ जिले के घाघरा कैंप में तैनात है। बताया जा रहा है कि रविवार की रात सोनवीर कैंप में आकर सो गया था। इसी दौरान कैंप में ही पदस्थ अरविंद गौतम (32 वर्ष) पिता भिखारी प्रसाद निवासी हाजीपुर, आजमगढ़ (उत्तरप्रदेश) ने मौका पाकर इंसास रायफल से सोनवीर पर गोली चला दी। गोली लगने से सोनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कैंप में मौजूद अन्य जवानों ने तत्काल घायल सोनवीर को सोमवार तड़के खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मरच्यूरी में सुरक्षित रखवाया गया है और जवान के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी जवान अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर गातापार थाना में रखा है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों जवानों के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद और रंजिश की बात सामने आ रही है हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल घटना को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस संयुक्त रूप से पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई हैं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page