
खैरागढ़। साइबर जागृति अभियान के तहत 21 सितंबर को खैरागढ़ के पार्क में पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति सुप्रभात’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः भ्रमण और व्यायाम के लिए पहुंचे नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पुलिस ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज और अनजान लिंक से सावधान रहने की समझाइश दी। नागरिकों से ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की गई साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने और इसकी शिकायत करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने कहा कि स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
