KCG

आधार से जुड़ेगा श्रमिक पंजीयन, 30 जून तक विवरण अपडेट कराना होगा आवश्यक

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। श्रमिकों को मिलने वाली विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए श्रम विभाग ने पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के रिकॉर्ड का आधार से मिलान करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत श्रमिकों के पंजीयन में दर्ज जानकारी को आधार कार्ड के अनुसार अद्यतन किया जाएगा। राज्य स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान को 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी पंजीकृत श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पहुंचकर सत्यापन कराना होगा। केंद्र में बायोमेट्रिक अथवा दस्तावेजों के माध्यम से पहचान की पुष्टि की जाएगी तथा ऑनलाइन माध्यम से पंजीयन संबंधी आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। अभियान के दौरान श्रमिकों के नाम जन्मतिथि लिंग एवं मोबाइल नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों को आधार रिकॉर्ड के अनुरूप अपडेट किया जाएगा। नाम हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में दर्ज किए जाएंगे जिससे भविष्य में किसी भी योजना का लाभ प्राप्त करने में तकनीकी बाधा न आए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के साथ आधार कार्ड की साफ प्रति सहमति पत्र ई-साइन और ओटीपी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य रहेगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवेदन करते समय श्रमिक की लाइव फोटो भी ली जाएगी। सत्यापन एवं संशोधन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रत्येक आवेदक को एक यूनिक आवेदन नंबर उपलब्ध कराया जाएगा जिसकी सहायता से वह अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकेगा। श्रम विभाग ने सभी पंजीकृत श्रमिकों से समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। जानकारी या सहायता के लिए श्रमिक कलेक्टोरेट परिसर स्थित श्रम पदाधिकारी कार्यालय (कक्ष क्रमांक-23, प्रथम तल) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा च्वाइस सेंटर एवं लोक सेवा केंद्रों में भी मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page