Advertisement
KCG

अंबेडकर जयंती पर खैरागढ़ में होगा भव्य आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर खैरागढ़ में बौद्ध समाज द्वारा भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में समाज की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। समाज के संरक्षक मधुकर चोखांद्रे एवं अध्यक्ष उत्तम कुमार बागड़े ने बताया कि 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में समाज के सभी अनुयायियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार तैयारी की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 अप्रैल की सुबह 8 बजे दाऊचौरा स्थित बुद्ध विहार से भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। यह रैली बुद्ध विहार से प्रारंभ होकर सोनेसरार, इतवारी बाजार, बक्शी मार्ग, टेंपो स्टैंड और अंबेडकर चौक से होते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी। रैली का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों एवं सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके पश्चात शाम के समय अनुयायियों द्वारा पैदल रैली भी निकाली जाएगी जो दाऊचौरा स्थित बुद्ध विहार से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अंबेडकर चौक पहुंचेगी। यहां डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा तथा बुद्ध वंदना एवं पंचशील पाठ का आयोजन होगा। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी अनुयायी सिविल लाइन स्थित बौद्ध समाज को आवंटित भूमि पर एकत्रित होंगे जहां शाम 7 बजे से मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में अतिथियों के उद्बोधन के साथ बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। समाज के पदाधिकारियों ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने तथा सामाजिक समरसता एवं जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page