
खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड के विभिन्न गांवों में जल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के उपयोग, जल संरक्षण और पानी की बचत के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को नलों को उपयोग के बाद बंद रखने, पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, वर्षा जल संचयन अपनाने तथा जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने की समझाइश दी गई साथ ही जल जीवन मिशन के उद्देश्यों और स्वच्छ पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई। विभागीय अमले ने जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से ‘जल है तो कल है, जल बचाएं-जीवन बचाएं’ का संदेश देते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया गया।
