Uncategorized

सेजेस कन्या शाला खैरागढ़ की 500 छात्राओं ने परीक्षा पे चर्चा में लिया हिस्सा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेजेस खैरागढ़ में आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के विद्यार्थियों से परीक्षा से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया जिसे विद्यालय में सामूहिक रूप से देखा और सुना गया। कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 500 छात्राओं के साथ 30 शिक्षक व्याख्याता 10 पालक एवं 3 जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहकर तैयारी करने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए परीक्षा को बोझ नहीं बल्कि उत्सव की तरह लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम चाहे जैसा भी हो विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखते हुए प्रयास जारी रखना चाहिए। असफलता को सफलता की सीढ़ी बताते हुए उन्होंने बच्चों को विकसित भारत 2047 के निर्माण में अपनी भूमिका तय करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान शाला विकास प्रबंधन समिति के सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड काल में विद्यार्थियों ने मोबाइल के माध्यम से पढ़ाई कर नई चुनौतियों का सामना किया। वर्तमान समय तकनीक का युग है जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैट जीपीटी जैसे माध्यमों से अतिरिक्त जानकारी प्राप्त की जा सकती है लेकिन शंकाओं के समाधान के लिए शिक्षकों का मार्गदर्शन आज भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को बिना तनाव के स्वाध्याय करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के अनेक मार्ग होते हैं। यदि 10वीं या 12वीं में अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाता है तो भी निराश होने की आवश्यकता नहीं है। अपनी रुचि के क्षेत्र में प्रयास कर विद्यार्थी भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। इस अवसर पर खंड स्रोत समन्वयक सुजीत चौहान सहित व्याख्याता कुणाल टंडन, अखिलेश श्रीवास्तव, विनीता सिंह, गिरिवर कोसरे, गुंजन सिंह, नीलू सिंह, प्रांजल सिन्हा, सिमरन कौर, मेघा उपाध्याय, संगीता ठाकुर, निलय दास, सोनिया मसीह, प्रज्ञा कामड़े, मनोज पटेल तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page