
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को सेजेस-2 कन्या शाला खैरागढ़ में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग खैरागढ़ के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ.कमलेश्वर सिंह राजपूत ने हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनसे नशा नहीं करने का संकल्प दिलाया। प्राचार्य डॉ. राजपूत ने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के जीवन में अशांति और पारिवारिक विवादों को जन्म देती है। इसके कारण समाज में सम्मान कम होता है और स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि परिवार में नशे की प्रवृत्ति बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को प्रभावित करती है। उन्होंने छात्राओं को समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से अपील की गई कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को शराब, नशीली दवाओं तथा गांजा, चरस और कोकीन जैसे मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए जागरूक करें। साथ ही समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं और व्याख्याता कुणाल टंडन, अखिलेश श्रीवास्तव, विनीता सिंह, गिरिवर कोसरे, खूम वर्मा, गुंजन सिंह, नीलू सिंह, प्रांजल सिन्हा, सिमरन कौर, मेघा उपाध्याय, संगीता ठाकुर, सत्यप्रकाश राठौर, मनोज पटेल, निलय दास, सोनिया मसीह और प्रज्ञा कामड़े मौजूद रहे।
