साल्हेवारा की बेटी हीना ने एमएससी प्राणी विज्ञान में 81 प्रतिशत अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा की प्रतिभावान छात्रा हीना रजक ने दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव से एमएससी (प्राणी विज्ञान) की स्नातकोत्तर परीक्षा में 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा रजक समाज सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। हीना रजक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा साल्हेवारा में प्राप्त की। छात्र जीवन से ही वे अध्ययन के साथ खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं। सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम लगन और अनुशासित दिनचर्या के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की है। हीना की माता रेखा रजक गृहिणी हैं जबकि पिता मोहित रजक शिक्षा के प्रति जागरूक अभिभावक के रूप में जाने जाते हैं। परिवार में शिक्षा और संस्कारों का सकारात्मक वातावरण मिलने से हीना को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में निरंतर प्रेरणा मिलती रही है। परिवारजनों ने बताया कि हीना का लक्ष्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर सहायक प्राध्यापक बनना है। अपनी सफलता पर हीना ने इसका श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन परिवार के सहयोग तथा निरंतर मेहनत को दिया है। इस उपलब्धि पर उनके चाचा जमुना रजक, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कंपनी कमांडेंट के पद पर भिलाई में पदस्थ हैं सहित दादा गोविंदराम रजक एवं दादी माया रजक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। हीना रजक की सफलता ग्रामीण अंचल की छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी उच्च शैक्षणिक उपलब्धियां प्राप्त कर सकती हैं। इस अवसर पर दिलीप शुक्ला, ललित सोनी, बहादुर सिंह खुशरो, निजाम सिंह मंडावी, नरेन्द्र पटले, गिरधारी लाल वर्मा, जगदीश राम पंचकपाट नेमबाई निर्मलकर डॉ.अखिलेश यादव सहायक प्राध्यापक धनीराम डड़सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने हीना रजक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
