
इलाज के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
गंडईपंडरिया। नगर के वार्ड क्रमांक 12 निवासी 61 वर्षीय इरफान अली की मंगलवार देर रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है जब वे अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। जानकारी अनुसार इरफान अली (पिता जहुर अली) राजनांदगांव रोड स्थित विश्राम गृह के आगे नहर नाली के पास अपने दूसरे मकान की ओर जा रहे थे जहां निर्माण कार्य चल रहा है और वहीं उनकी वेल्डिंग की दुकान भी संचालित होती थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 24 एफ 8748) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में इरफान अली के सिर में गंभीर चोट आयी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए कवर्धा ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ग्राम नादिया के समीप उन्होंने दम तोड़ दिया। गंडई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को रात में ही जब्त कर लिया। प्रारंभिक जानकारी अनुसार वाहन डोंगरगढ़ मंदिर से लौट रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 281, 125 (ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक का अंतिम संस्कार नगर के कवर्धा रोड स्थित कब्रिस्तान में दोपहर करीब 3 बजे किया गया। अचानक हुई इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
