शराब नीति मामले में केजरीवाल सिसोदिया के बाईज्जत बरी होने पर आम आदमी पार्टी ने मनाया जश्न


सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। तथाकथित शराब नीति प्रकरण में सीबीआई कोर्ट द्वारा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया सहित 23 आरोपियों को बाइज्जत बरी किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ इकाई ने इसे संविधान और सत्य की जीत बताया है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार 21 मार्च 2024 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केजरीवाल को गिरफ्तार किया था जिसके बाद 26 जून 2024 को सीबीआई ने उन्हें हिरासत में लिया। 23 जुलाई 2024 को उन्हें जमानत मिली थी। लंबे कानूनी संघर्ष के बाद 27 फरवरी 2026 को अदालत ने सभी आरोपियों को दोषमुक्त करार दिया। निर्णय के बाद केजरीवाल ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने पूरी राजनीतिक यात्रा में ईमानदारी को प्राथमिकता दी है और अदालत के फैसले से यह सिद्ध हो गया है कि लगाए गए आरोप निराधार थे। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा बनाए रखने की अपील भी की। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल देवलाल नरेटी और अभिषेक मिश्रा तथा जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने संयुक्त बयान में कहा कि यह निर्णय न्याय व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करता है। उन्होंने इसे ईमानदार राजनीति और संघर्ष की जीत बताया। फैसले के बाद खैरागढ़ के राजीव चौक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू, संतोष यादव, नीलेश सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप जांघेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।