विफल साबित हुआ भाजपा की साय सरकार का एक साल- विजय वर्मा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेसी नेता विजय वर्मा ने कहा कि भाजपा की विष्णुदेव सरकार एक साल में विफल साबित हो गई। राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है। साय सरकार के 1 साल में विष्णु का सुशासन तो दूर विष्णु की सरकार कही नहीं दिख रही। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी। एसपी, कलेक्टर कार्यालय जला दिया गया। हत्याओं का नया रिकॉर्ड बन गया। प्रदेश में मॉब लिचिंग शुरू हो गयी। आरंग में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या हो गयी। राजधानी में 5 बार गोलीबारी हो गयी। गौ तस्करी की घटनाएं शुरू हो गयी। महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो गयी, पोटाकेबिन में बच्ची की जलकर मौत, अबोध बच्ची मां बनी, नारायणपुर में मासूम बच्चियों से स्कूल में छेड़खानी हो गयी। बलात्कार, सामूहिक बलात्कार की घटनायें बढ़ गयी। लूट, अपराध, डकैती, चाकूबाजी की घटनायें बढ़ गयी। अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके है। नक्सलवादी घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो गयी। नक्सली घटनायें बढ़ गयी सरकार ने एक साल में कोई घोषित नक्सल नीति नहीं बनाई। रोज नक्सली हत्यायें कर रहे सरकार बयान देने तक सीमित रह गई है। इसी एक साल में रेत के दाम तीन गुना बढ़ गये क्योंकि भाजपाई सत्ताधीशों और रेत माफियाओं के बीच सांठगांठ हो गई है। रेत के कारोबार में रोज खून बहाया जा रहा है। कांग्रेस नेता विजय वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल में छत्तीसगढ़ बदहाल हो गया है। पूर्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं बंद हो गयी है। सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण एक साल में ही राज्य के खजाने पर 37000 करोड़ से अधिक का कर्जा हो गया है। युवाओं को मिलने वाला बेरोजगारी भत्ता बंद हो गया वहीं सरकारी नौकरी में भर्तियां बंद हो गई। बिजली के दाम बढ़ दिये गये है। एक साल में ही साय सरकार जनता में अलोकप्रिय हो गई है। कांग्रेस नेता श्री वर्मा ने कहा कि 18 लाख आवास देने का वादा था पर एक साल गुजर गया एक भी नया मकान नहीं बन पाया और अगर बना है तो सरकार के प्रतिनिधि दिखाए वहीं कांग्रेस राज में 7 किलो राशन मिलता था उसमें भी कटौती हो गई। सरप्लस बिजली वाले छत्तीसगढ़ में भाजपा शासन आते ही बिजली कटौती शुरू हो गई है, क्या यह साय सरकार की उपलब्धि है। दूसरी ओर जमीनों की रजिस्ट्री में जनता को खूब लूटा जा रहा है और भूमि के गाईड लाईन के दर में 30 प्रतिशत के छूट को भी समाप्त कर दिया। इन तमाम विसंगतियों और भ्रष्टाचार को जनता समझ रही है और आने वाले समय में जनता भाजपा को जरूर सबक सिखाएगी।