
उपभोक्ताओं को दी योजनाओं की जानकारी
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित बाजार अतरिया द्वारा रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कनिष्ठ अभियंता कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम में जनपद सदस्य पीलाबाई ज्ञानेंद्र वर्मा, दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता, लक्ष्मी देवकुमार वर्मा, डॉ. चंदूलाल वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य टीकम वर्मा, मनीष कांत पांडे, सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा एवं सविता मालिक ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र के कई ग्रामों से आए नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। समारोह में सहायक अभियंता के.के. सुनहरे द्वारा विद्युत विभाग की 25 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधोसंरचना विकास एवं उपभोक्ता सुविधाओं में निरंतर सुधार किया गया है। प्रधानमंत्री सूर्यघर सौर ऊर्जा योजना के तहत लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। रामबती साहू, पुरुषोत्तम लाल वर्मा, गणेश वर्मा, लक्ष्मण साहू एवं संजय वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर विभाग द्वारा प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने आगामी योजनाओं ऑनलाइन सेवाओं एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी साझा की। आयोजन कार्यपालन अभियंता सचिन उत्तरवार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ जिसमें सहायक अभियंता कनिष्ठ अभियंता एवं स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण एवं पौधा वितरण किया गया।