Advertisement
अपराध

मोटर चोरी का खुलासा: छुईखदान पुलिस ने 3 आरोपी और 3 नाबालिगों को पकड़ा

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में मोटर चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया वहीं नाबालिगों को किशोर न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्र.01 छुईखदान निवासी संदीप वैष्णव ने 31 मार्च को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम गोपालपुर स्थित रिपा प्रोजेक्ट के कचरा संग्रहण केंद्र में लगी 9 मोटर और एक बोर मोटर को अज्ञात चोरों ने 26-27 मार्च की दरम्यानी रात शटर का ताला तोड़कर चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 90 हजार रुपये बताई गई थी। इस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल और स्कूटी से रात के समय घटनास्थल पहुंचे और औजारों की मदद से मोटरों को खोलकर कटर मशीन से काट लिया। बाद में चोरी का सामान स्थानीय कबाड़ियों को कम कीमत पर बेच दिया गया और रकम आपस में बांट ली गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से मोटर तांबा, औजार सहित अन्य सामग्री बरामद की है। रवि निषाद के पास से एक मोटर और लोहे का सब्बल रामसुफल निषाद के पास से मोटर के कटे टुकड़े और करीब 4.4 किलो तांबा तथा नासिर खान उर्फ कब्बु के पास से भी मोटर के टुकड़े जब्त किए गए। इसके अलावा नाबालिगों के कब्जे से मोटरसाइकिल स्कूटी नकद राशि और विभिन्न औजार बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रवि निषाद 19 वर्ष निवासी केंवट पारा छुईखदान रामसुफल निषाद 45 वर्ष मूल निवासी जिला सिवनी मध्यप्रदेश हाल निवासी देवपुरा गंडई तथा नासिर खान उर्फ कब्बु 50 वर्ष निवासी पठानपारा छुईखदान शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page