Advertisement
Uncategorized

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 14 फरवरी को खैरागढ़ में होगा साहू समाज का जिला स्तरीय महोत्सव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साहू समाज द्वारा आयोजित जिला स्तरीय भक्त माता राजिम महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की स्वीकृति के बाद समाज में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यह भव्य आयोजन 14 फरवरी 2026 को जिला साहू संघ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में समाज के संरक्षक बिसेसर साहू, जिला अध्यक्ष टीलेश्वर साहू, मनोहर साहू एवं सुरेश साहू ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे जिसमें जनप्रतिनिधियों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री की सहमति को समाज ने एक बड़ी उपलब्धि बताया है। कार्यक्रम का आयोजन खैरागढ़ नगर की सीमा से लगे कृष्णकुंज-मां कर्माधाम ग्राम अकरजन सिविल लाइन मार्ग में किया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत प्रातः मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन, हवन-यज्ञ, महाआरती, प्रसाद वितरण एवं भंडारे से होगी। इसके पश्चात जिले की विभिन्न इकाइयों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद संतोष पांडे, विधायक रायपुर ग्रामीण मोतीलाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ.नरेन्द्र साहू करेंगे। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जिला अध्यक्ष टीलेश्वर साहू ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज की सभी तहसील, परिक्षेत्रीय एवं ग्राम इकाइयों को सक्रिय किया गया है। उन्होंने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page