
बाजार अतरिया महाविद्यालय ने शुरू किया अभियान
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। बदलते सामाजिक माहौल और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर नवीन शासकीय महाविद्यालय बाजार अतरिया ने महत्वपूर्ण पहल की है। महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण विषय पर आयोजित बैठक में विद्यार्थियों के भावनात्मक और मानसिक विकास को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। बैठक में विशेषज्ञों और शिक्षकों ने युवाओं में बढ़ते तनाव चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को मजबूत करना भी आवश्यक है। बैठक में यह तय किया गया कि विद्यार्थियों के लिए तनाव प्रबंधन सकारात्मक सोच आत्मविश्वास विकास और भावनात्मक संतुलन से जुड़े विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही महाविद्यालय में नियमित रूप से कार्यशालाएं संगोष्ठियां संवाद कार्यक्रम और परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। संयोजक आशीष कुमार ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य स्वस्थ समाज की नींव है और जागरूकता के माध्यम से ही इस दिशा में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। अध्यक्ष अंजली क्षत्री ने विद्यार्थियों को संतुलित जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सिद्धार्थ देशमुख और झामन वर्मा ने भी मानसिक स्वास्थ्य की उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि विद्यार्थियों को सकारात्मक और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को निरंतर चलाया जाएगा।