महंगाई के खिलाफ राष्ट्रीय महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, गैस सिलेंडर के दाम घटाने खोला मोर्चा

खैरागढ़ से निकली छत्तीसगढ़ की बेटी मयूरी सिंह ने निभाई सक्रिय भूमिका
सत्यमेव न्यूज़ (नई दिल्ली)। रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने किया जिसमें देशभर से आई महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुई। इस विरोध प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ की बेटी और खैरागढ़ की माटी से निकली महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं तेलंगाना प्रभारी मयूरी सिंह ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए केंद्र सरकार की महंगाई नीतियों के खिलाफ महिलाओं की आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने देश की करोड़ों महिलाओं के घरेलू बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है। महंगाई की मार से आम परिवारों का जीवन दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है।

आंदोलन के दौरान मयूरी सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें सीधे तौर पर देश की महिलाओं और गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ डाल रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस देशभर की महिलाओं की आवाज बनकर इस अन्याय के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर देशभर की महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाना उनके लिए गर्व की बात है।

महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा सहित महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय समन्वयक और दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहीं और एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया।
