
सत्यमेव न्यूज राजनांदगांव। ग्राम बोरतलाव में तीन बच्चों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के मामले में प्रशासनिक जांच तेज कर दी गई है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर गठित जांच दल ने बुधवार को घटनास्थल पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक बच्चों के परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया है। संयुक्त निरीक्षण दल में अपर कलेक्टर सीएल मार्कण्डेय डिप्टी कलेक्टर श्रीकांत कोराम, एसडीएम विश्वास कुमार, डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार अमीय श्रीवास्तव, थाना प्रभारी अवनीश श्रीवास, खनिज निरीक्षक भरत बंजारे तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा शामिल रहे। ग्राम पंचायत के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। जांच टीम ने उत्खनन स्थल जलभराव की स्थिति सुरक्षा प्रबंधों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का सूक्ष्म परीक्षण किया। साथ ही ठेकेदार द्वारा कराए गए उत्खनन क्षेत्र का सीमांकन कराकर आवश्यक तथ्य और साक्ष्य एकत्र किए गए। प्रशासन ने बताया कि संबंधित विभागों से आवश्यक प्रतिवेदन और अभिलेख भी जुटाए जा रहे हैं। सभी तथ्यों और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




