KCG

बीते 18 साल से अधूरे बाईपास को पूरा कराने की कवायद, जिले में उद्योग-धंधे लगाने पर भी सरकार प्रयासरत- प्रभारी मंत्री

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के लंबे समय से लंबित बाईपास निर्माण और औद्योगिक विकास के मुद्दे पर खैरागढ़ प्रवास के दौरान मिडिया से वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के श्रम, आबकारी एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने महत्वपूर्ण बयान दिया। मंत्री ने कहा कि करीब 18 वर्षों से अधूरे पड़े बाईपास निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग मंत्री से चर्चा की जाएगी और इसे जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिले में उद्योग स्थापना को लेकर भी सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर विरोध के कारण पूर्व में कई औद्योगिक योजनाएं आगे नहीं बढ़ सकीं। यदि जिले में उद्योग स्थापित होते हैं तो स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

खैरागढ़ के बहुप्रतीक्षित बाईपास निर्माण को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग के मंत्री से चर्चा की जाएगी और इसे जल्द पूरा कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। बाईपास का निर्माण पूरा होने से शहर में यातायात का दबाव कम होने के साथ आवागमन व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जिले में औद्योगिक विकास के सवाल पर लखन लाल देवांगन ने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्थानीय विरोध के कारण कई औद्योगिक योजनाएं आगे नहीं बढ़ पायी। सरकार की मंशा विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की है। उद्योग स्थापित होने से जिले की अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं।

प्रभारी मंत्री ने खैरागढ़ जिला मुख्यालय के पिपरिया स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला भाजपा कार्यसमिति की बैठक में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया और ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। आगामी ( पालिका चुनाव की तरफ इशारा करते हुए) चुनावों में संगठन की सफलता बूथ स्तर की सक्रियता और मजबूती पर निर्भर करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page