फ्रेंडशिप डे पर खैरागढ़ में अनोखी पहल: ‘एक पौधा दोस्ती के नाम’ अभियान से सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया हरियाली का संदेश

पिपरिया के प्रसिद्ध जयराम तालाब परिसर में हुआ पौधारोपण
‘एक मित्र–एक पौधा’ का लिया गया संकल्प
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आत्मनिर्भर अभियान खैरागढ़ के तत्वावधान में संचालित जनजागरूकता अभियान “एक पौधा दोस्ती के नाम” के अंतर्गत मित्रता दिवस (फ्रेंडशिप डे) के अवसर पर जयराम तालाब परिसर पिपरिया में उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों, समाजसेवियों, युवाओं, महिलाओं तथा बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी उपस्थित नागरिकों ने “एक मित्र-एक पौधा” लगाने का संकल्प लिया तथा पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी वचन दिया। इस दौरान पौधारोपण के बाद ट्री-गार्ड व स्टील जाली से रोपित पौधे का संरक्षण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मित्रता केवल रिश्तों तक सीमित नहीं रहना चाहिये वरण हमें प्रकृति से जुड़ाव को परिभाषित करते हुए सच्ची मित्रता को स्मरण व प्रतीक के रूप में ऐसे आयोजनों के माध्यम से यादगार बनाना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने किसी मित्र के नाम एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी निभाए तो यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ले सकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक दावेंद्र देशमुख और पत्रकार राजू यदु ने मित्र और वृक्ष के बीच समानता को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस प्रकार सच्चा मित्र जीवनभर साथ निभाता है उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन को निरंतर जीवनदायिनी ऊर्जा, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिकाधिक पौधारोपण एवं उनके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

पौधारोपण के उपरांत अभियान के सदस्य अनुराग शांति तुरे के नेतृत्व में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय मित्रता गीत “ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे” का सामूहिक गायन कर मित्रता और प्रकृति संरक्षण के संदेश को भावनात्मक स्वरूप दिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव भी रखते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अभियान से जुड़े वरिष्ठ सहयोगी उत्तम बागड़े, रूपेंद्र रजक, समसुल होदा खान, प्रणय महोबे, रूपेश कुमार देवांगन, गोविंद सोनी, नीलम राजपूत, वंदना टांडेकर, चंदन गोस्वामी, राजू यादव, संजय वालेचा, जनक यादव, राजू यदु, सुयश सिंह, प्राणेश वैष्णव, नरेन्द्र सोनी, रेमन भोंडेकर, संत निषाद, नूतन खिलवारे, भीखम वर्मा, जीवेंद्र सिंह ताम्रध्वज सहित अटल आवास (शिक्षक कॉलोनी) के वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “हमर खैरागढ़-हरियर खैरागढ़, आत्मनिर्भर खैरागढ़” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
