पॉलिटिक्स

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति में विक्रांत व घम्मन को जिम्मेदारी

खैरागढ़। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राष्ट्रीय नेतृत्व के परामर्श से कार्यसमिति के सदस्यों एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी की है। जारी सूची में 84 नेताओं को कार्यसमिति सदस्य तथा 28 वरिष्ठ नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। इस सूची में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता घम्मन साहू को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। दोनों नेताओं को मिली इस जिम्मेदारी से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। वरिष्ठ भाजपा नेता घम्मन साहू लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठन और समाज में उनकी मजबूत पकड़ तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क उन्हें जिले के प्रभावशाली नेताओं में शामिल करता है। जिला पंचायत में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके घम्मन साहू को सत्ता और संगठन दोनों का अनुभव है। बताया जाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर पर यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। साहू समाज में उनकी मजबूत पकड़ को भी इस नियुक्ति का एक महत्वपूर्ण पहलू माना जा रहा है जो छत्तीसगढ़ की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका रखता है वहीं विक्रांत सिंह जिले में सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान रखते हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी भूमिका लगातार मजबूत रही है। दोनों नेताओं के प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने से जिले को प्रदेश स्तर पर सशक्त प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने दोनों नेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह नियुक्ति संगठन के लिए वर्षों से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं के परिश्रम का सम्मान है साथ ही विश्वास जताया गया है कि दोनों नेताओं के अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश संगठन को मिलेगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page