अपराध

पंचायत सचिव पर गंभीर लापरवाही के आरोप, ग्रामीणों ने की जांच व कार्रवाई की मांग

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ग्राम पंचायत दनिया के वर्तमान पंचायत सचिव के खिलाफ ग्रामीणों ने गंभीर लापरवाही और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि पंचायत सचिव द्वारा लंबे समय से कार्यालय का नियमित संचालन नहीं किया जा रहा है जिससे ग्रामीणों को विभिन्न कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत दनिया का कार्यालय कार्यालीन समय में आज तक नियमित रूप से नहीं खुलता। पंचायत सचिव अक्सर कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते और कार्यों में रुचि नहीं लेते। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई वर्षों से वे पत्राचार और विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए पंचायत कार्यालय जाते हैं लेकिन अधिकांश समय कार्यालय बंद ही मिलता है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यालय बंद रखने के बावजूद पंचायत से जुड़े रजिस्टर और अन्य दस्तावेज किसी व्यक्ति विशेष के घर पर बैठकर संचालित किए जाते हैं जो नियमों के विरुद्ध है। इसके कारण ग्रामीणों को जानकारी और दस्तावेज प्राप्त करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पंचायत स्तर पर अब तक ग्रामसभा की एक भी बैठक आयोजित नहीं की गई है जिससे गांव के विकास कार्यों और योजनाओं पर सामूहिक निर्णय नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी का भी अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की इस लापरवाही और मनमानी के कारण पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए ताकि पंचायत की कार्यप्रणाली पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित हो सके। इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत छुईखदान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा थाना प्रभारी गंडई को भी प्रेषित की गई है। बहरहाल मामले को लेकर ग्रामीणों को उम्मीद है कि उचित कार्रवाई कर तानाशाही करने वाले पंचायत सचिव के खिलाफ उचित एवं न्याय पूर्वक कार्रवाई की जाएगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page