
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद आशीष डोंगरे रहे उपस्थित
सत्यमेव न्यूज राजनांदगांव। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लखोलीग्राम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिये विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराते हुए गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद आशीष डोंगरे उपस्थित रहे। उनके साथ पार्षद संतोष निर्मलकर (वार्ड क्रमांक 32), सामाजिक कार्यकर्ता एवं पालक प्रतिनिधि संदीप मेश्राम सहित शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने कहा कि विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए यह दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। ऐसे स्वागत कार्यक्रम बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करते हैं तथा उनके मन में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। नवप्रवेशी बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्सुकता साफ दिखाई दे रही थी। विद्यालय परिवार द्वारा किए गए इस अभिनव स्वागत से बच्चों और उनके अभिभावकों में विशेष प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानपाठक श्रीमती लूमन साहू ने सभी अतिथियों, पालकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सम्मानित करने तथा अपने अमूल्य समय से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा। विद्यालय में आयोजित यह स्वागत समारोह नए शैक्षणिक सत्र की सुखद शुरुआत का प्रतीक बना और विद्यार्थियों के लिए यादगार पल साबित हुआ।
