
शोभायात्रा में उमड़ा समाज का उत्साह
एकता और सामाजिक उत्थान का लिया संकल्प
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। नगर में कुम्भकार समाज द्वारा सोमवार को महाराज दक्ष प्रजापति जयंती श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाई गई। एक दिवसीय आयोजन में समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ढोल-धुमाल की गूंज के बीच निकली भव्य शोभायात्रा पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड क्रमांक 14 स्थित टिकरीपारा के कुम्भकार भवन में महाराज दक्ष प्रजापति की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। महिलाओं ने सुबह घरों के मुख्य द्वार पर रंगोली सजाई और पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा में शामिल होकर समाज की सुख-समृद्धि एवं परिवारों के मंगल की कामना की। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की प्रगति और उत्थान के लिए संगठन और एकता सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने महाराज दक्ष प्रजापति जयंती को प्रतिवर्ष और अधिक भव्य स्वरूप में मनाने का संकल्प भी लिया। कुम्भकार भवन से निकली शोभायात्रा टिकरीपारा, देऊर मंदिर, मुख्य चौक और गंगई मंदिर होते हुए पुनः सामाजिक भवन पहुंची। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, आइसक्रीम, नाश्ता तथा अन्य सामग्री का वितरण किया गया। शाम को आयोजित दर्शनी कार्यक्रम में महाराज दक्ष प्रजापति की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। युवा कुम्भकार संगठन एवं समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और सहयोग से संपन्न हुए इस आयोजन में समाज के लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
