Advertisement
Uncategorized

देवांगन समाज ने श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया परमेश्वरी जयंती महोत्सव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ में देवांगन समाज द्वारा समाज की आराध्य देवी माता परमेश्वरी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाई गई। पूरे दिन चले आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक एकता का अनुपम संगम देखने को मिला। महोत्सव का शुभारंभ प्रातः विधिवत पूजा-अर्चना, चना-प्रसाद वितरण एवं आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात समाज द्वारा नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता की। कलश यात्रा देवांगन भवन से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौक, बख्शी मार्ग, बरेठ पारा, ठाकुर पारा, नया बस स्टैंड होते हुए दाऊचौरा पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर माता परमेश्वरी की प्रतिमा का पूजन किया गया। यात्रा में राजनांदगांव से आए कलाकारों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई वहीं श्रद्धालु मां परमेश्वरी की जय एवं जय देवांगन जय महाजन के जयघोष करते हुए चलते नजर आए। दोपहर में समाज द्वारा सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। सायंकाल आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा उपस्थित रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवांगन समाज के अध्यक्ष कृपाराम देवांगन ने की। विशेष अतिथि के रूप में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, समाज के संरक्षक व विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, पार्षद दीपक देवांगन, पार्षद विनय देवांगन सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। अतिथियों का समाज द्वारा पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा ने कहा कि परमेश्वरी जयंती महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए समाज को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। समाज के संरक्षक मनराखन देवांगन ने बताया कि विधायक द्वारा सामाजिक भवन निर्माण हेतु पूर्व में प्रदत्त 6 लाख 50 हजार रुपये की राशि से भवन अब पूर्णता की ओर अग्रसर है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि देवांगन समाज सामाजिक समरसता और भाईचारे की उत्कृष्ट मिसाल है ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। पार्षद विनय देवांगन ने समाज के छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों पर बधाई देते हुए सामाजिक भवन निर्माण के लिये पार्षद निधि से 4 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं पार्षद दीपक देवांगन ने महोत्सव को समाज की पहचान, गौरव और आस्था का पर्व बताया। रात्रि में राजनांदगांव से आए कलाकारों द्वारा रंग तरंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जो देर रात तक चली। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष सेवक देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव अजय देवांगन द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिवप्रसाद देवांगन, गोविंद देवांगन, युवराज देवांगन, वीरेंद्र देवांगन, पंचराम देवांगन, संजय देवांगन, नरेश देवांगन, मनोज देवांगन, मोरध्वज देवांगन, रामजी देवांगन, शेखर देवांगन, राजेश देवांगन, दुलाराम, हीरालाल, मुन्ना देवांगन, प्रेम देवांगन, कन्हैया देवांगन, भूपेन्द्र देवांगन, कृष्णा देवांगन, गिरधर, कमल, चतुर देवांगन सहित बड़ी संख्या में समाजिकजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page