KCG

थाना दिवस में पुलिस ने सुनी जन समस्याएं, नशाखोरी व साइबर अपराध पर सख्ती का दिया संदेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जुलाई माह के तृतीय गुरुवार पर सभी थाना एवं चौकियों में थाना दिवस का आयोजन किया गया। दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित साल्हेवारा और बकरकट्टा थाने में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें एवं सुझाव सुने गए। कार्यक्रम के दौरान लोगों को नवीन आपराधिक कानूनों साइबर अपराध से बचाव महिला एवं बाल सुरक्षा यातायात नियमों और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन 1930, साइबर क्राइम पोर्टल तथा संदिग्ध कॉल की शिकायत ‘चक्षु’ पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। वहीं डायल-112 सेवा की उपयोगिता से भी नागरिकों को अवगत कराया गया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आमजन से संवाद कर समस्याओं का मौके पर निराकरण किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम ने खैरागढ़ और छुईखदान मुख्यालय डीएसपी रमेश चंद्रा ने गंडई मुख्यालय डीएसपी प्रदीप ऐरेवार ने मोहगांव एसडीओपी खैरागढ़ आशारानी ने ठेलकाडीह एवं गातापार तथा एसडीओपी गंडई मानकराम कश्यप ने जालबांधा चौकी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया है। थाना दिवस में नागरिकों ने अवैध शराब बिक्री सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन गांजा एवं नशीले पदार्थों पर कार्रवाई शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्ती साइबर अपराध नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन स्कूल-कॉलेजों के आसपास धूम्रपान तथा आवारा मवेशियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशाखोरी शराबखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। थाना दिवस का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना तथा कानून के प्रति जागरूकता विकसित करना है। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय गुरुवार को जिले के सभी थाना एवं चौकियों में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page