KCG

तंबाकू मुक्त गांव, पोलियो सुरक्षा और मलेरिया नियंत्रण पर प्रशासन का फोकस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख अभियानों को प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम पल्स पोलियो अभियान और मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध कानून के पालन तंबाकू उत्पादों के प्रचार प्रसार पर रोक तथा नाबालिगों को तंबाकू बिक्री प्रतिबंधित करने संबंधी प्रावधानों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने और नियमित जांच अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रशासन ने चयनित ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों स्व-सहायता समूहों शिक्षकों युवाओं और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई है। गांवों में जागरूकता कार्यक्रम शपथ ग्रहण चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। बैठक में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के 12वें चरण की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन ने बताया कि जिले के 116 गांवों में विशेष सर्वे अभियान चलाया जाएगा जिसमें लगभग 64 हजार लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए 216 सर्वे दल और 12 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। सर्वे दल घर-घर पहुंचकर आरडी किट के माध्यम से मलेरिया की जांच करेंगे। संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों का तत्काल उपचार किया जाएगा तथा उपचार के बाद उनकी निगरानी भी की जाएगी। अभियान के दौरान मच्छरदानी के उपयोग को बढ़ावा देने जलभराव नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित होंगी। मितानिनों द्वारा रैली दीवार लेखन, पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में आगामी राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के तहत पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। यह अभियान 28 से 30 जून तक संचालित होगा। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी जबकि अगले दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों तक पहुंचेंगी। अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page