
बुधवार को 30,251 क्विंटल धान का हुआ उपार्जन
गुरुवार के लिए 857 किसानों को जारी किए गए टोकन
खैरागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला जारी है। 15 से 25 नवंबर तक जिले में कुल 1,98,322.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। जिले की 65 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित 72 उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान का उपार्जन किया जा रहा है। जिला खाद्य अधिकारी देवेंद्र बग्गा के अनुसार बुधवार 25 नवंबर को जिले में 30,251.60 क्विंटल धान की खरीदी हुई। वहीं, गुरुवार 26 नवंबर को 43,824.80 क्विंटल धान खरीदी के लिए 857 टोकन जारी किए गए हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को सभी खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत केंद्रों में शुद्ध पेयजल, छांव, बैठने की जगह और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता और समयबद्ध व्यवस्था को लेकर किसानों ने संतोष जताया है। इधर खरीदी केंद्रों में अवैध रूप से धान की आवक रोकने के लिए राजस्व, खाद्य और मंडी सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम गठित की गई है। कलेक्टर ने टीम को उपार्जन केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने और अवैध धान की आवक पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

