Advertisement
KCG

जिले के बैगा आदिवासी विशिष्ट क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण का संदेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के साल्हेवारा क्षेत्र में बैगा समुदाय की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह पहल प्रशासनिक मार्गदर्शन में आयोजित हुई जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। अभियान के दौरान पहले दिन हाथी झोला और समुंदपानी दूसरे दिन निजामडीह तथा अंतिम दिन ग्राम पंचायत सिंगबोरा में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योजनाओं और समूह गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में पद्मश्री फुलबासन यादव ने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों की उपयोगिता समझाई। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़कर महिलाएं न केवल अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं बल्कि सामाजिक स्तर पर भी मजबूत पहचान बना सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को समूह गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। अभियान में लगभग 400 महिलाओं की भागीदारी रही। इनमें से कई महिलाओं ने स्व-सहायता समूह से जुड़ने की इच्छा जताई जिसके आधार पर संभावित सदस्यों की सूची तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई। सिंगबोरा में आयोजित कार्यक्रम में बिसेसर साहू, घम्मन साहू, मन्नू मरकाम और पंचू मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक्स-रे और सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई वहीं आधार कार्ड निर्माण का कार्य भी किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग जिला पंचायत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अधिकारी कर्मचारी, डीपीएम, बीपीएम, एसी, पीआरपी, एफएलसीआरपी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं क्षेत्र की महिलाएं सक्रिय रूप से शामिल रहीं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page