
कार्रवाई नहीं होने पर लोगों में आक्रोश
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। शहीद नगरी छुईखदान के प्रमुख धार्मिक स्थल काली मंदिर के सामने स्थित एक कॉम्प्लेक्स इन दिनों विवादों में है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कॉम्प्लेक्स की छत पर एक बाहरी व्यक्ति द्वारा मकान का निर्माण कर लिया गया है जिसे अवैध बताया जा रहा है। मामले में अब तक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। आसपास के लोगों के अनुसार कॉम्प्लेक्स की छत पर बनाए गए इस निर्माण में कमरा, शौचालय-बाथरूम और किचन जैसी सुविधाएं विकसित कर ली गई हैं जिससे स्पष्ट है कि इसे स्थायी निवास के रूप में उपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि यह निर्माण निर्धारित नियमों के विपरीत किया गया है फिर भी अब तक संबंधित विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि ऐसा निर्माण किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा किया जाता तो प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण पर रोक लगा देता लेकिन बाहरी व्यक्ति के मामले में प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। लोगों का यह भी कहना है कि यदि छुईखदान का कोई व्यक्ति अन्य राज्यों में इस प्रकार का निर्माण करता तो उसे सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ता। ऐसे में अपने ही नगर में नियमों के प्रति यह ढीलापन लोगों को खल रहा है। कुछ नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों, जैसे रामायण मंडली आदि में सक्रिय रहकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है जिससे मूल मुद्दा दबता नजर आ रहा है। मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह स्पष्ट किया जाए कि कॉम्प्लेक्स की छत पर किया गया निर्माण नियमों के अनुरूप है या नहीं। यदि निर्माण अवैध पाया जाता है तो तत्काल कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसे मामलों पर सख्ती बरती जाए वहीं यह भी ज्ञात हो कि छुईखदान जैसे शांत, ऐतिहासिक और धार्मिक नगर में इस प्रकार के विवादित निर्माण न केवल नियमों की अनदेखी को दर्शाते हैं बल्कि नगर की छवि को भी प्रभावित करते हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है और आम नागरिकों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर पड़ सकता है। मामले की शिकायत मिली है स्थल निरीक्षण कर इस दिशा में उचित कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप झा, प्रभारी सीएमओ नगर पंचायत छुईखदान