

विभागीय स्टालों का अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन की ली जानकारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सुशासन तिहार-2026 के तहत विकासखंड छुईखदान के गोपालपुर में आयोजित समाधान शिविर में प्रदेश के वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी, कृषि बीज, सुपोषण किट, श्रवण यंत्र, छड़ी सहित विभिन्न सामग्री वितरित की गई। शिविर में शामिल 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री देवांगन ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवास सामाजिक सुरक्षा, कृषि सहायता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बताया कि जिले में आयोजित शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इस दौरान जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।