
खैरागढ़। ग्राम दिलीपपुर में शांति भंग करने और उपद्रव मचाने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार ग्रामीणों ने थाना खैरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम दिलीपपुर निवासी मनी वर्मा गांव में लगातार उपद्रव कर माहौल खराब कर रहा है। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी चुरावन उर्फ मनी वर्मा (22 वर्ष) पिता धनेश वर्मा ने आवेदिका देवकी बाई को रिपोर्ट वापस लेने के लिए धमकाया साथ ही सार्वजनिक स्थान पर विवाद करते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गया जिससे गांव में अशांति का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। इसके अलावा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगाशा क्र.18/2026 धारा 170, 126, 135 (3) बीएनएसएस के तहत प्रकरण तैयार कर एसडीएम खैरागढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से आरोपी को न्यायालय द्वारा खैरागढ़ उप जेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।


