
विक्रांत भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी नियुक्त
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जारी की सूची
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न प्रकोष्ठों के संकुल संयोजक, सहसंयोजक एवं प्रभारियों की नियुक्ति की है। इस नियुक्ति सूची में खैरागढ़ जिले के सक्रिय भाजपा नेता एवं शैडो विधायक विक्रांत सिंह को सहकारिता प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश संगठन द्वारा उन्हें दी गई इस जिम्मेदारी को खैरागढ़ के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से 2 सितंबर 2026 को जारी सूची में विक्रांत सिंह को सहकारिता प्रकोष्ठ का दायित्व सौंपा गया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ.नवीन मारकण्डेय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी होंगी।
संगठन में फिर बढ़ी विक्रांत सिंह जिम्मेदारी
विक्रांत सिंह लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी ने अब उन्हें सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र से जुड़े प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी देकर संगठन में उनकी भूमिका को और विस्तार दिया है। सहकारिता क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों, समितियों तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों से सीधे जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस प्रकोष्ठ के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके सामने होगी।
नियुक्ति बाद खैरागढ़ में कार्यकर्ताओं में उत्साह
विक्रांत सिंह की नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद खैरागढ़ जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रदेश संगठन में मिली यह जिम्मेदारी खैरागढ़ जिले की संगठनात्मक सक्रियता को भी नई दिशा देगी। भाजपा की ओर से जारी सूची में चुन्नीलाल साहू को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक तथा लाभचंद बाफना को संकुल सहसंयोजक बनाया गया है वहीं मछुआरा, झुग्गी-झोपड़ी, आर्थिक, एनजीओ, बुनकर, विधि, चिकित्सा, व्यापार, व्यवसायी, आरटीआई, सांस्कृतिक, पंचायत, नगरीय निकाय और शिक्षा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए भी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी संगठन ने सामाजिक, आर्थिक, व्यावसायिक, शैक्षणिक और जनसरोकार से जुड़े क्षेत्रों में अपनी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इन प्रकोष्ठों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। विक्रांत सिंह को सहकारिता प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाए जाने को इसी संगठनात्मक विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
