
एसडीएम कोर्ट से सुनवाई बाद आरोपी को भेजा गया जेल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर के वार्ड क्र.6 बरेठपारा में चाक़ू के बल पर शांति व्यवस्था भंग करने और एक किराना दुकान में तोड़फोड़ करने वाले युवक को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अमन रजक उर्फ फनिष (19 वर्ष) नशे की हालत में हाथ में चाक़ू रखकर क्षेत्र में गाली-गलौज और लोगों को धमकाने जैसी हरकतें कर रहा था। मामले की शिकायत आशा पाल द्वारा थाना खैरागढ़ में दर्ज कराई गई थी।शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच की जिसमें आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई की। साथ ही इस्तगाशा व धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को एसडीएम न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।


