
मनोहर गौशाला के प्रयासों को विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने सराहा
मनोहर गौशाला के ट्रस्टी डॉ.अखिल जैन ने भेंट की ‘गाय एक अनुसंधान’ पुस्तक
वैदिक गोबर से निर्मित माला पहनाकर किया सम्मान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। मनोहर गौशाला के ट्रस्टी डॉ.अखिल जैन ने शनिवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मनोहर गौशाला में संचालित गौ अनुसंधान एवं गौ-आधारित नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ.रमन ने गौशाला द्वारा किए जा रहे अनुसंधान कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, कृषि और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से गौ-आधारित अनुसंधान अत्यंत उपयोगी और समय की आवश्यकता है। उन्होंने ऐसे प्रयासों को समाज और किसानों के लिए प्रेरणादायी बताया। मुलाकात के दौरान डॉ.अखिल जैन ने विधानसभा अध्यक्ष को गौ अनुसंधान पर आधारित अपनी पुस्तक ‘गाय एक अनुसंधान’ भेंट की। पुस्तक का अवलोकन करने के बाद डॉ.रमन ने इसके विषय-वस्तु की प्रशंसा करते हुए इसे गौ विज्ञान एवं जनजागरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। इस अवसर पर डॉ. सिंह का वैदिक पद्धति से निर्मित गोबर की माला पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस मुलाकात में गौ संरक्षण, अनुसंधान तथा भारतीय परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।