खैरागढ़ नपा अध्यक्ष और सीएमओ ने किया गुजरात दौरा: सूरत के सफाई मॉडल से निखरेगी संगीत नगरी की सफाई व्यवस्था

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग रायपुर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत प्रदेशभर के नगर पालिका अध्यक्षों को अध्ययन सह भ्रमण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल सिंह ने गुजरात के सूरत नगर निगम में तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सूरत नगर निगम द्वारा किए गए अभिनव कार्यों का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला बनने के बाद यह पहला मौका है जब स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ ने संयुक्त रूप से इस तरह का भ्रमण व प्रशिक्षण लिया। अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने कहा कि सूरत नगर निगम देशभर में स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन का मॉडल माना जाता है। यहां से जो अनुभव और सीख मिली है उसका उपयोग खैरागढ़ की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने में किया जाएगा। वहीं नगर पालिका अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश पर हम देश के नंबर-1 महानगरपालिका निगम सूरत के दौरे पर गए थे। निश्चित रूप से सूरत एक बेहद खूबसूरत शहर है। वहां हमने सीखा कि वेस्ट से बेस्ट कैसे बनाया जाए, प्लास्टिक का सही प्रबंधन कैसे हो और अपने शहर को स्वच्छ कैसे रखें। हम खैरागढ़ में भी सूरत मॉडल को अपनाने का प्रयास करेंगे ताकि आने वाले समय में स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में खैरागढ़ नगर पालिका बेहतर स्थान हासिल कर सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में खैरागढ़ नगर पालिका के सीएमओ आलोक सिंह, सूरत नगर निगम के कमिश्नर और प्रदेशभर से आए अधिकारी भी मौजूद रहे।