खैरागढ़ नगर पालिका और छुईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष पद महिलाओं के लिये आरक्षित, गंडई पंचायत में सामान्य वर्ग से चुना जायेगा अगला अध्यक्ष
आरक्षण प्रक्रिया के बाद खैरागढ़ व छुईखदान में पुरुष वर्ग के दावेदारों में निराशा
गंडई नगर पंचायत में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नगर पालिका परिषद् खैरागढ़ और छुईखदान नगर पंचायत में अध्यक्ष का पद महिलाओं के लिये आरक्षित हो गया है वहीं गंडई नगर पंचायत में सामान्य वर्ग से अध्यक्ष पद के लिए रास्ते खुल गए हैं। आरक्षण की प्रक्रिया के बाद खैरागढ़ व छुईखदान में पुरुष वर्ग के दावेदारों को गहरी निराशा ही हाथ लगी है वहीं गंडई नगर पंचायत में सामान्य सीट होने से दावेदारों की लंबी फेहरिस्त के बीच निकाय क्षेत्र के कद्दावर नेताओं के बीच हर्ष और उल्लास का वातावरण देखने को मिल रहा है। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में नगरी निकाय चुनाव के लिये नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खैरागढ़ नगर पालिका परिषद और छुईखदान नगर पंचायत में सामान्य वर्ग की महिला अध्यक्ष का चुनाव लड़ेगी। गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष सीट सामान्य वर्ग मुक्त के लिये आरक्षित किया गया है। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में निकाय चुनाव के लिये आरक्षण की पहली प्रक्रिया पूरी हुई है। आपको बता दें कि नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से साल 2024-25 में प्रदेश में होने वाले नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिये छत्तीसगढ़ नगर पालिका महापौर तथा अध्यक्ष के पद का आरक्षण नियम 1999 के प्रावधानों के अंतर्गत किया गया है। नगर पालिक निगमों के महापौर तथा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के अध्यक्षों के पदों के आरक्षण की कार्यवाही पूरी की गई। पाठकों को बता दे कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में तीन नगरीय निकाय है इनमें छुईखदान और गंडई में शासन के निर्देशानुसार शीघ्र ही चुनाव कराए जाएंगे लेकिन खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में 2 साल बाद चुनाव होंगे।