Uncategorized

एक शिक्षक के भरोसे चल रही अमलीडीहकला मिडिल स्कूल की पढ़ाई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकासखंड खैरागढ़ के अंतर्गत आने वाले शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलीडीह कला में इन दिनों शिक्षकों की भारी कमी से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हाल ही में दो शिक्षकों के पदोन्नत होकर अन्य विद्यालयों में स्थानांतरित हो जाने के बाद स्कूल में केवल एक शिक्षक ही शेष रह गए हैं जिससे कक्षाओं का संचालन मुश्किल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तेजराम वर्मा का पदोन्नति के बाद स्थानांतरण छुईखदान ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बाई कटोरी में हुआ है। वहीं कृष्ण प्रसाद वर्मा को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विक्रमपुर में प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति मिली है। दोनों के कार्यमुक्त होने के बाद विद्यालय की संपूर्ण जिम्मेदारी एकमात्र शिक्षक पर आ गई है। विद्यालय में छात्र छात्राओं की संख्या पर्याप्त है ऐसे में एक शिक्षक के लिए सभी कक्षाओं को संभालना व्यवहारिक रूप से कठिन साबित हो रहा है। इससे शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।अभिभावकों और ग्रामवासियों ने भी स्थिति को चिंताजनक बताया है। ग्रामीणों ने जिला शिक्षा विभाग से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र नियुक्ति नहीं की गई तो बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित होगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से इस दिशा में त्वरित पहल करने की अपेक्षा की है ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page