Uncategorized

इंदिरा आवास की सड़क समस्या का समाधान, नया मार्ग बनने तक पुराना रास्ता रहेगा चालू

खैरागढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित इंदिरा आवास (आईएचएसडीपी योजना) के रहवासियों को सड़क की समस्या से बड़ी राहत मिली है। जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह की पहल पर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नया वैकल्पिक मार्ग तैयार होने तक वर्तमान रास्ता बंद नहीं किया जाएगा। ज्ञात हो कि वर्ष 2010 में रानी रश्मिदेवी महाविद्यालय के पीछे करीब 492 इंदिरा आवासों का निर्माण किया गया था। तब से रहवासी महाविद्यालय के कॉर्नर से आवागमन करते आ रहे हैं। वर्तमान में कन्या महाविद्यालय के निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग के बंद होने की आशंका से मोहल्लेवासी परेशान थे। इस संबंध में रहवासी पहले भी दो बार कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से गुहार लगा चुके थे। हाल ही में इंदिरा आवास के वासियों के साथ जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों के समक्ष समस्या रखी। उन्होंने मांग की कि नया रास्ता वर्तमान मार्ग के समीप ही बनाया जाए, ताकि लोगों को शहर तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय न करनी पड़े। प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग के घुमावदार होने से आवागमन में होने वाली परेशानी की ओर भी उन्होंने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। मौके के निरीक्षण के बाद नया मार्ग तैयार होने तक पुराने रास्ते को चालू रखने पर सहमति बनी। हालांकि प्रस्तावित स्थल पर टीलेनुमा भू-भाग होने के कारण नए मार्ग के निर्माण में समय लग सकता है। इसके तैयार होने से इंदिरा आवास के रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस पहल पर मोहल्लेवासियों ने संतोष जताते हुए शताक्षी देवव्रत सिंह सहित जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अब रहवासियों को नए मार्ग के जल्द निर्माण का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page