Uncategorized

आस्था, परंपरा और उल्लास के बीच संगीत नगरी खैरागढ़ में मनाया गया विजयादशमी का पर्व

खैरागढ़। असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व खैरागढ़ में पारंपरिक श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। नगर दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में जिलेभर से पहुंचे हजारों नागरिकों ने सहभागिता की। विधि-विधान से पूजा-अर्चना, शोभायात्रा, रावण दहन और आकर्षक आतिशबाजी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

विजयादशमी के अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर व समर्थकों के साथ मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें उत्सव का उल्लास और पारंपरिक आस्था का वातावरण देखने को मिला।

दशहरा उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में निर्धारित स्थल पर 41 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन के साथ ही उपस्थित जनसमूह ने जयघोष किया और पूरा परिसर उत्साह से गूंज उठा। इसके बाद हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से भर दिया। आतिशबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे बच्चों, युवाओं और परिवारों में विशेष उत्साह नजर आया। पर्व ने लोगों को मर्यादा, सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। आयोजन के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने नगर भ्रमण कर नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। शहर के साथ दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भी उत्सव में भागीदारी निभाई।इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष बिशेसर साहू, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि भागवतशरण सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चन्द्राकर, नीलिमा गोस्वामी, प्रीति यादव, देविन बाई कोठले, गोरेलाल वर्मा, आयश सिंह, डॉ.शैलेन्द्र त्रिपाठी, नीलम राजपूत, राजेश देवांगन, रामाधार रजक, अजय जैन, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र वर्मा और सन्दीप वैष्णव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page