अपराध

अवैध शराब परिवहन करते युवक गिरफ्तार, 50 पौवा अंग्रेजी शराब और मोटर साइकिल जब्त

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ठेलकाडीह थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 पौवा अंग्रेजी शराब और एक मोटर साइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च की रात करीब 12 बजे ठेलकाडीह थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध रूप से शराब की बड़ी खेप ग्राम मोहरा से ग्राम सिरसाही की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सिरसाही पुरानापारा प्रवेश द्वार के पास नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान बजाज पल्सर 125 क्रमांक सीजी 08-बीए-0441 पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मेन्द्र वर्मा (25 वर्ष), पिता मंजीर वर्मा, निवासी ग्राम सिरसाही थाना ठेलकाडीह जिला केसीजी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी हरे रंग की प्लास्टिक बोरी से विभिन्न ब्रांड की कुल 50 पौवा अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 9 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने मौके पर शराब और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल को जब्त कर पंचनामा तैयार किया। पुलिस द्वारा शराब परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 45/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। ठेलकाडीह पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page