
अवैध खनन पर कार्रवाई करने जागा खजिन विभाग
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने लंबे समय बाद कार्रवाई की है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम जोरातराई क्षेत्र में निरीक्षण कर अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन तथा ईंट परिवहन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि 3 जून को किए गए निरीक्षण के दौरान जेसीबी क्र.सीजी 07 एनए 9128 द्वारा बिना वैध अनुमति के मुरूम का उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने मौके पर वाहन को जब्त कर थाना खैरागढ़ में सुरक्षित रखा है। जांच में वाहन चालक गिरवर पटेल निवासी पकबंधी तहसील धमधा जिला दुर्ग तथा वाहन मालिक देवनाथ साहू निवासी साल्हेखुर्द तहसील धमधा जिला दुर्ग पाए गए। इसी तरह पिपरिया क्षेत्र से ईंटों का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर भी पकड़े गए। इनमें सीजी 08 एजेड 2446 के मालिक आजेश प्रजापति निवासी मारूटोला खैरागढ़ तथा सीजी 08 एजेड 3751 के मालिक संजय वर्मा निवासी मारूटोला खैरागढ़ हैं। दोनों ट्रैक्टरों को भी थाना खैरागढ़ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। खनिज विभाग ने बताया कि सभी मामलों में खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिज भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
