
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस-2) खैरागढ़ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में करंज, बादाम, कदम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के कारण जलवायु और मिट्टी की गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है जिससे मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। प्रदूषित जल अनेक बीमारियों का कारण बन रहा है वहीं वायु प्रदूषण से श्वसन संबंधी समस्याएं बढ़ रही है। उन्होंने ध्वनि प्रदूषण को भी गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि अत्यधिक शोर स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। डॉ. सिंह ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हो रही है तथा जैव विविधता भी संकट में है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जैव विविधता के संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन हमारी अमूल्य धरोहर है जिनके संरक्षण के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। कार्यक्रम में तृप्ति दशरिया, उत्तरा साहू, करन साहू, अमीषा देवांगन, प्रांजल सिन्हा, खूम वर्मा, वर्षा मानिकपुरी, भानु यादव, राधिका सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
