KCG

सड़क सुरक्षा को लेकर केसीजी पुलिस ने तेज किया अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केसीजी पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता एवं जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस की टीम शहर के प्रमुख चौक चौराहों बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग शराब पीकर वाहन न चलाने वाहन के दस्तावेज अपडेट रखने तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने के संबंध में समझाइश दी जा रही है। पुलिस द्वारा मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यातायात पुलिस के अनुसार मई माह में अब तक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 193 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 64 बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, 37 तीन सवारी वाहन चालक, 14 बिना हेलमेट वाहन चालक, 4 शराब पीकर वाहन चलाने वाले तथा 15 प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य मामलों में भी चालान काटे गए। इन प्रकरणों में कुल 64 हजार 900 रुपए समन शुल्क एवं अर्थदंड के रूप में वसूले गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है वहीं उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी परिवहन विभाग के माध्यम से की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग दें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page