
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गुलशन तिवारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर घोषित ड्राई डे के बावजूद शराब दुकानों के खुले रहने को लेकर राज्य सरकार पर तीखा तंज कसा है। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि अवसर पर शराब दुकान के प्रदेश भर में खुले रहने को लेकर गुलशन ने इसे न केवल प्रशासनिक लापरवाही बल्कि महात्मा गांधी के सत्य, संयम और अहिंसा के आदर्शों का प्रत्यक्ष अपमान बताया है। श्री तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं बल्कि एक वैश्विक विचारधारा हैं जिनके आदर्शों का सम्मान आज भी 80 से अधिक देशों में किया जाता है। ऐसे में उनकी पुण्यतिथि जैसे राष्ट्रीय अवसर पर ड्राई डे के नियमों की अनदेखी होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति सरकार की शराब-कारोबारी मानसिकता को उजागर करती है और आम जनता की भावनाओं के साथ खुला खिलवाड़ है और राष्ट्रपिता के नाम पर श्रद्धांजलि देना तब तक निरर्थक है जब तक उनके मूल्यों और सिद्धांतों का ईमानदारी से पालन न किया जाए। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार से इस संवेदनहीनता पर तत्काल सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग की साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय अवसरों पर घोषित ड्राई डे के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गांधी की विचारधारा को कोई सत्ता या पार्टी समाप्त नहीं कर सकती और युवा कांग्रेस गांधीवादी मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।