छुईखदान पुलिस की जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 जुआरी गिरफ्तार

खैरागढ़। जिले में अवैध गतिविधियों एवं अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना छुईखदान पुलिस ने 30 अक्टूबर 2026 की रात्रि में जुआरियों के विरुद्ध अभियान चलाकर चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे कुल 16 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार पहली एवं दूसरी कार्रवाई वार्ड क्र. 10 कनक नगर छुईखदान में पंचू निषाद के घर के पास की गई जहां से कुल 08 जुआरियों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश एवं कुल 4,420 रुपये नगद जब्त किए गए। इसी प्रकार तीसरी एवं चौथी कार्रवाई ग्राम आमाघाटकादा में बल्ला राम जंघेल के घर के पास की गई जहां से 08 अन्य जुआरियों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश एवं कुल 3,300 रुपये नगद जब्त किए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 16 जुआरियों को पकड़कर उनके कब्जे से 7,720 रुपये नगद एवं जुआ खेलने में प्रयुक्त ताश की पत्तियां जब्त की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 399/2026, 400/2026, 401/2026 एवं 402/2026 के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है।

↑
Exit mobile version