
नागरिक एकता मंच की पहल पर 13वीं बार हुआ ध्वजारोहण, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाबा अम्बेडकर चौक स्थित राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने 51 फीट ऊंचा तिरंगा ध्वज फहराकर देशभक्ति का संदेश दिया गया। नागरिक एकता मंच के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में इस वर्ष जिला कोटवार परिवार केसीजी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। नागरिक एकता मंच द्वारा वर्ष 2021 से राष्ट्रीय पर्वों पर बाबा अम्बेडकर चौक में 51 फीट ऊंचा तिरंगा दिन-रात आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के साथ फहराया जा रहा है। यह इस आयोजन का 13वां अवसर रहा। हर वर्ष अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं संगठनों और विशिष्ट व्यक्तित्वों से ध्वजारोहण कराकर मंच सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देता है। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कोटवार संघ अध्यक्ष बीरेश मेश्राम एवं प्रतिनिधिमंडल ने भारत माता के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना व माल्यार्पण से किया।
इसके बाद कोटवार परिवार ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सेवाभावी गोविन्द सोनी के निर्देशन में 51 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान किया। इसके पश्चात नागरिक एकता मंच के सदस्यों ने कोटवार परिवार के सदस्यों को तिरंगा बैज लगाकर सम्मानित किया। जिला अध्यक्ष बीरेश मेश्राम एवं जिला सचिव कमलेश जंघेल ने कोटवारों की भूमिका और उनकी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए समस्याओं के निराकरण के लिए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में जिला कोटवार परिवार को ‘हमर खैरागढ़, हमर तिरंगा’ भाव का मोमेंटो भेंट किया गया। सेवाभावी समसुल होदा खान ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, पार्षद देवीन कोठले, सभापति रूपेंद्र रजक, पार्षद विनय देवांगन सहित नागरिक एकता मंच के सदस्य एवं कोटवार परिवार के सदस्य मौजूद रहे।